सुपौल। जिले के सिमराही क्षेत्र में मद्यनिषेध थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 कार्टन में कुल 1350 बोतल देशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने एक कार को भी जब्त किया, जिसका इस्तेमाल शराब की तस्करी में किया जा रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोका गया, जिसमें तलाशी लेने पर भारी मात्रा में देशी शराब लदी मिली। मौके पर ही दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और किस इलाके में सप्लाई की जानी थी।
मद्यनिषेध थाना पुलिस ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बरामद शराब, वाहन एवं गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।
जिले में लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।





