रोहतास, 06 अक्टूबर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम पहुंचे। यहां जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से संवाद किया और राज्य में कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा तथा बिहार में आए बदलाव को लेकर अपनी सरकार की नीतियों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए सत्ता और सेवा की राजनीति को लेकर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख का संदेश देते हुए कहा कि बिहार में किसी बहन या बेटी के साथ छेड़छाड़ अथवा दुर्व्यवहार करने वाले के खिलाफ 24 घंटे के अंदर कार्रवाई होगी और उसे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में वह अपनी बहनों से यह वादा करते हैं।
महिलाओं की सुरक्षा पर CM का सख्त संदेश
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सुरक्षा का ऐसा माहौल बनाया जा रहा है, जिसमें महिलाएं बिना डर के घर से बाहर निकलकर काम कर सकें। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति बिहार की किसी बहन को छूने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ 24 घंटे के भीतर कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया में सामने आए युवतियों से छेड़खानी के पांच वीडियो के मामलों में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार की करोड़ों महिलाएं घर से बाहर निकलकर काम कर रही हैं और यह बदलाव एनडीए सरकार में संभव हुआ है।
‘सत्ता को मेवा पाने का अवसर समझते हैं कुछ लोग’
युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सत्ता को मेवा पाने का अवसर मानते हैं, जबकि भाजपा और एनडीए के लोग सत्ता को सेवा भाव से जोड़कर देखते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने लंबे समय से सत्ता में रहते हुए भी सेवा के संकल्प को जारी रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज की सेवा को राजनीतिक जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है।
‘2005 से पहले और बाद के बिहार में बड़ा अंतर’
मुख्यमंत्री ने बिहार के पुराने दौर की चर्चा करते हुए लालू-राबड़ी सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 से पहले का बिहार और 2005 के बाद का बिहार काफी अलग है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि आज बिहार की तस्वीर बदली है और इसे वह ‘बदला हुआ बिहार’ मानते हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले रोहतास और कैमूर सहित आसपास के इलाकों में डाकुओं का भय रहता था।
‘कैमूर से आरा जाने में भी लोग डरते थे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग कैमूर से आरा जाने में भी डरते थे। ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में अपराधियों का खौफ रहता था। उन्होंने कहा कि अब परिस्थितियों में बदलाव आया है और राज्य में कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा बिहार बनाना है, जहां महिलाएं सुरक्षित रहें, युवा आगे बढ़ें और आम लोगों को कानून का भरोसा हो।
युवाओं से संवाद, सेवा यात्रियों से भी मिले CM
मुख्यमंत्री के जमुहार युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं के साथ-साथ गुजरात के बड़नगर से बाइक के जरिए वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों का जत्था भी शामिल हुआ। मुख्यमंत्री ने सेवा यात्रियों से संवाद किया और उनके यात्रा अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से भी बातचीत की और उन्हें राज्य के विकास में भागीदारी निभाने का संदेश दिया। रोहतास दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं से जुड़े अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।
‘किसी बेटी को छुआ तो 24 घंटे में सलाखों के पीछे’
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को दोहराते हुए कहा कि बिहार में किसी बेटी या बहन के साथ गलत व्यवहार करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने फिर कहा कि अगर कोई किसी बेटी को छूता है तो 24 घंटे के अंदर वह सलाखों के पीछे होगा। मुख्यमंत्री ने इसे महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता के रूप में पेश किया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
युवा संवाद कार्यक्रम में सांसद बीडी सिंह, पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसानिया समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री का रोहतास दौरा विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास और युवा संवाद कार्यक्रमों को लेकर भी महत्वपूर्ण रहा। सासाराम में करीब 9.2 किलोमीटर लंबे बाईपास के लोकार्पण का कार्यक्रम भी दौरे में शामिल था।






