सजोर्ड मारिजने बने भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच

Share

नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को सजोर्ड मारिजने को भारतीय महिला हॉकी टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त करने की घोषणा की। डच कोच सजोर्ड मारिजने एक बार फिर भारतीय सेटअप में लौटे हैं।

इससे पहले उनके कार्यकाल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था, जो 36 वर्षों में ओलंपिक में टीम की दूसरी भागीदारी थी।

मारिजने के साथ सहयोगी स्टाफ में अर्जेंटीना के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मटियास विला को एनालिटिकल कोच नियुक्त किया गया है। विला ने 1997 में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था और 2000 सिडनी तथा 2004 एथेंस ओलंपिक में अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व किया था। वे पिछले दो दशकों से कोचिंग से जुड़े रहे हैं।

इसके अलावा, टोक्यो ओलंपिक में टीम की फिटनेस और प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाने वाले डॉ. वेन लोम्बार्ड भी साइंटिफिक एडवाइजर और हेड ऑफ एथलेटिक परफॉर्मेंस के रूप में भारतीय हॉकी में वापसी कर रहे हैं। उनके साथ रोडेट यिला और सियारा यिला भी साइंटिफिक एडवाइजर की भूमिका में सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा होंगे।

भारत वापसी पर सजोर्ड मारिजने ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “भारत लौटकर बहुत अच्छा लग रहा है। 4.5 साल बाद मैं नई ऊर्जा और स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ वापस आया हूं। मेरा लक्ष्य टीम के विकास में योगदान देना और खिलाड़ियों को विश्व मंच पर अपनी पूरी क्षमता हासिल करने में मदद करना है।”

मुख्य कोच के रूप में मारिजने की पहली बड़ी चुनौती एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालिफायर होगी, जो 8 से 14 मार्च 2026 तक हैदराबाद, तेलंगाना में आयोजित की जाएगी। वे 14 जनवरी को भारत पहुंचेंगे, जबकि राष्ट्रीय कोचिंग शिविर 19 जनवरी से SAI बेंगलुरु में शुरू होगा।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा, “हम सजोर्ड मारिजने और पूरे सपोर्ट स्टाफ का भारतीय हॉकी परिवार में स्वागत करते हैं। हम युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के आभारी हैं, जिन्होंने समय पर नियुक्ति सुनिश्चित की ताकि विश्व कप क्वालिफायर की तैयारियों में कोई बाधा न आए। फिटनेस पर विशेष जोर दिया गया है, जो टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन का अहम कारण रहा था।”

वहीं हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “हम सजोर्ड मारिजने और उनके सपोर्ट स्टाफ को शुभकामनाएं देते हैं। सजोर्ड टीम को अच्छी तरह समझते हैं और कोर ग्रुप के कई खिलाड़ी पहले उनके साथ खेल चुके हैं। हमें उम्मीद है कि यह टीम एशियाई खेलों और विश्व कप क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन करेगी।”

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031