देवघर, 17 अगस्त। श्रावणी मेले के दौरान देवघर में आस्था के साथ सेवा का भी व्यापक नजारा देखने को मिल रहा है। सुल्तानगंज से देवघर तक कांवड़िया पथ पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी और स्वास्थ्य समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन्हीं शिविरों में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के निर्देशन में संचालित नमो सेवा शिविर कांवड़ियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शिविर में श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, शरबत, शुद्ध पेयजल और फल की व्यवस्था की गई है। थके हुए कांवड़ियों को राहत देने के लिए दर्द निवारक दवाओं और विभिन्न मशीनों के माध्यम से भी सेवा दी जा रही है।
भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन
शिविर में श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कांवड़ियों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग प्रकार की भोजन सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
सेवा कार्य को व्यवस्थित ढंग से चलाने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं की टीम दिन-रात सक्रिय है। भाजपा के विभिन्न कार्यकर्ता भी समय-समय पर शिविर पहुंचकर सेवा कार्य में योगदान दे रहे हैं।
सांसद निशिकांत दुबे ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
सोमवार को सांसद डॉ. निशिकांत दुबे स्वयं नमो सेवा शिविर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों के बीच सेवा कार्य किया और शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि महादेव की नगरी में जुटने वाली इतनी बड़ी भीड़ को स्वयं महादेव संभालते हैं। उनके आशीर्वाद और प्रेरणा से ही सेवा का यह कार्य संभव हो रहा है।
शिविर के संचालन में हरि किशोर सिंह, अभयानंद झा, देवता पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सेवा भावी लोग योगदान दे रहे हैं।






