पटना, 11 अगस्त : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को शहीद दिवस के अवसर पर पटना स्थित शहीद स्मारक परिसर में अमर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजकीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को नमन किया।
आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले सात शहीदों को किया याद
शहीद दिवस के अवसर पर 11 अगस्त 1942 को देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सात अमर शहीदों उमाकांत प्रसाद सिंह, रामानंद सिंह, सतीश प्रसाद झा, जगतपति कुमार, देवीपद चौधरी, राजेंद्र सिंह और राम गोविंद सिंह के बलिदान को याद किया गया।
पटना के शहीद स्मारक परिसर में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के योगदान को नमन किया।
मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक समेत कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शहीद पार्क में अमर ज्योति के समक्ष पुष्पचक्र अर्पित
इसके बाद मुख्यमंत्री समेत सभी गणमान्य लोगों ने बिहार विधानमंडल परिसर स्थित शहीद पार्क में अमर ज्योति के समक्ष पुष्पचक्र अर्पित किया। सभी ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए देश की आजादी के लिए उनके संघर्ष, त्याग और योगदान को याद किया।
समारोह के दौरान शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों और देश के प्रति समर्पण को याद किया गया।






