रांची। रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से 4 फरवरी को लापता हुई 11 वर्षीय नेहा टोप्पो की जानकारी देने वाले को पुलिस ने 21 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। रांची पुलिस ने सोमवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी। परिवार और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है।
डोरंडा में रह रही थी नेहा
नेहा टोप्पो का स्थायी पता गोड्डा जिला के हनवारा थाना क्षेत्र के जतहरी डिह गांव का है। उसके पिता का नाम सीताराम टोप्पो है। फिलहाल वह रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के गिरजाटोली डिबड़ीह में सुनील तिग्गा के घर पर रह रही थी। वहीं से वह अचानक लापता हो गई। परिवार के मुताबिक, जिस दिन वह गायब हुई, उस दिन उसने लाल रंग का फ्रॉक पहन रखा था। उसके बाल छोटे और काले हैं, आँखें काली हैं और रंग सांवला है। उसकी ऊंचाई करीब 3 से 3.5 फीट बताई जा रही है।
पुलिस ने घोषित किया 21 हजार रुपये का इनाम
डोरंडा थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची की तलाश को लेकर हर संभव प्रयास किया जा रहा है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 21,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। जो भी व्यक्ति नेहा टोप्पो के बारे में पुख्ता जानकारी देगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा।

इन नंबरों पर दें सूचना
अगर किसी को भी नेहा टोप्पो के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो तुरंत 9431706168, 6200587911 नंबरों पर संपर्क करें। पुलिस और परिवार की ओर से लोगों से अपील की गई है कि इस सूचना को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें। एक छोटी सी जानकारी भी नेहा को सुरक्षित घर पहुंचाने में मदद कर सकती है। परिवार को उम्मीद है कि लोगों के सहयोग से उनकी बेटी जल्द ही वापस घर लौटेगी।





