रांची, 02 अक्टूबर। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राज्यपाल ने लोक भवन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दोनों महान विभूतियों के राष्ट्र निर्माण में योगदान, विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।
गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को किया याद
राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। गांधी जी ने अपने विचारों और कर्मों के माध्यम से देशवासियों को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
शास्त्री की सादगी और राष्ट्रसेवा को किया नमन
राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उनका जीवन सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सादगी का उदाहरण है।
आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देकर तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए दोनों महान विभूतियों के सपनों को आगे बढ़ाया जा सकता है।






