झारखंड के रांची से दिल्ली जा रही है एयर एंबुलेंस की क्रैश होने की दुखद खबर आयी है. एयर एंबुलेंस चतरा जिला के सिमरिया में क्रैश हुआ है. एयर एंबुलेंस पर सात लोग सवार थे. स्थानीय नागरिकों की सूचना मिलने के बाद चतरा जिला की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर राहत व बचाव के काम में लग गई है. दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस रेड बर्ड एविएशन का बताया जाता है. शाम के 7.34 बजे एयर एंबुलेंस का संपर्क एटीसी से टूट गया था.
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना चतरा जिला के सिमरिया थाना क्षेत्र के कसियातु, झुमरी बागी गांव के पास हुई है. बताया जाता है कि रांची से उड़ान भरने के कुछ ही देर के बाद एयर एंबुलेंस का एटीसी से संपर्क टूट गया. इसके कुछ समय बाद चतरा जिला पुलिस को यह सूचना मिली कि सिमरिया के कसियातु, झुमरी बागी में एक एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया है. जिसके बाद पुलिस व प्रशासन की टीम वहां पहुंच गयी है.





