रांची। झारखंड की राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला शुक्रवार को सामने आया है। यह धमकी कोर्ट की आधिकारिक मेल आईडी पर एक संदेश के जरिए भेजी गई।
इस घटना के बाद से कोर्ट परिसर की सुरक्षा को चाक-चौबंद कर दिया गया है। धमकी भरा मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं।
कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है। कोर्ट के मुख्य द्वारों और संवेदनशील हिस्सों पर पुलिस जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
कोर्ट परिसर में लगे कैमरों की फीड पर पुलिस की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। शुरुआती जांच के मुताबिक, जिस ईमेल आईडी से रांची सिविल कोर्ट को संदेश भेजा गया है, उसी आईडी का इस्तेमाल बिहार के कैमूर सहित कई अन्य जिलों के महत्वपूर्ण संस्थानों को धमकी देने के लिए भी किया गया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।





