रांची में दो नाबालिग बहनें रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस ने तेज की तलाश

Share

रांची। राजधानी रांची से बच्चों के लापता होने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला रातू थाना क्षेत्र के गोकुलधाम चटकपुर मिलन चौक का है, जहां से 8 फरवरी को दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। लापता बच्चियों की उम्र 16 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानतकारी के अनुसार, 8 फरवरी को दोनों बहनें दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन चिंतित हो उठे। परिवार के सदस्यों ने पहले दुकान पर जाकर पूछताछ की, इसके बाद रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में भी व्यापक खोजबीन की, लेकिन दोनों बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका।

इसके बाद बच्चियों के पिता सुजीत शर्मा ने रातू थाना में दोनों बेटियों की गुमशुदगी को लेकर लिखित आवेदन दिया। पिता ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां अक्टूबर 2025 में बिहार के जहानाबाद स्थित ननिहाल से रांची के रातू क्षेत्र आई थीं। उन्होंने बताया कि छोटी बच्ची कक्षा पांच में पढ़ती है, जबकि बड़ी बच्ची ने वर्ष 2025 में मैट्रिक की परीक्षा पास की है।

एक साथ दो बच्चियों के लापता होने से परिवार पूरी तरह खौफजदा है। वहीं, आस-पड़ोस के लोग और स्थानीय निवासी भी इस घटना से दहशत में हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि दोनों बच्चियों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।

इस संबंध में रातू थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने बच्चियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीम मिलन चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चियों की अंतिम लोकेशन और संभावित गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चियों के संबंध में कोई ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031