रांची। राजधानी रांची के बीआईटी ओपी क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की घटना को अंजाम दिया है। बताया जाता है कि लगभग छह की संख्या में अपराधी बाइक और कार से आए और डकैती की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सबसे पहले अपराधी ड्रीम प्वाइंट पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां हथियार के बल पर कर्मियों को बंधक बना लिया। वहां से अपराधी दो लाख से अधिक की डकैती कर भाग निकले। जबकि दूसरे पेट्रोल पंप से 2 हजार रुपये ही लूट सके। बेखौफ अपराधियों ने इस दौरान तीन पेट्रोल पंपों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वहीं लूटपाट का विरोध करने पर एक दुकानदार को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस मामले को लेकर बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास ने बुधवार को बताया कि देर रात दो पेट्रोल पंप पर डकैती हुई है। एक पेट्रोल पंप पर 2 लाख से अधिक, जबकि दूसरे पेट्रोल पंप से दो हजार लेकर अपराधी फरार हुए हैं। पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल की है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकाल कर जांच की जा रही है। अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
दुकान लूटने पहुंचे, विरोध पर मारा चाकू
बीआईटी में पेट्रोल पंप लूटने के बाद सभी अपराधी ओरमांझी की तरफ आगे बढ़ गए। वहां एक दुकान उन्हें खुला मिला। जहां बेखौफ अपराधी दुकानदार के पास लूटपाट करने के लिए पहुंच गए। दुकानदार ने विरोध किया तो उसे चाकू मार कर बुरी तरह से घायल कर दिया और उसके दुकान को लूट लिया। सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि बीआईटी क्षेत्र में दो पेट्रोल पंप को निशाना बनाया गया है। वहीं, ओरमांझी थानेदार से इस मामले में बात नहीं हो पाई।
टाटीसिलवे में भी हुई लूट
मंगलवार की देर रात रांची के टाटीसिल्वे स्थित एक पेट्रोल पंप पर भी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव ने पेट्रोल पंप से 12 हजार के लूट की पुष्टि की है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पेट्रोल पंप पर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि रात 12 बजे के बाद बाइक सवार 6 अपराधी पेट्रोल पंप पर पहुंचते हैं और वहां मौजूद कर्मचारी को अपने कब्जे में लेने की कोशिश करते हैं। जिसके बाद कर्मचारी अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगता है। हथियारबंद अपराधी बेखौफ होकर उसका पीछा करते हैं और कैश काउंटर में प्रवेश कर जाते हैं। जिसके बाद कैश काउंटर में रखा सारा कैश लूटकर फरार हो जाते हैं।

सभी घटनाओं में एक गैंग का हाथ
पेट्रोल पंपों से मिले सीसीटीवी फुटेज की जांच पर यह पता चल रहा है कि राजधानी रांची में जिन चार लूट कांडों को अंजाम दिया गया है उन सभी में एक ही गिरोह शामिल थे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है लेकिन एक ही रात हथियार के साथ चार जगह पर लूटपाट की वारदात रांची पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल उठा रहे हैं।





