लखनऊ, 14 नवंबर । उत्तर प्रदेश में दीपावली के बाद अब छठ पूजा के दौरान भी उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने त्योहार के मद्देनजर बिजली व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत गांवों से लेकर शहरों तक कटौतीमुक्त बिजली उपलब्ध कराने के साथ छठ पूजा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने इसके लिए सभी बिजली वितरण कंपनियों को अलर्ट कर दिया है। पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी डिस्कॉम में विभागीय टीमें लगातार निगरानी और रखरखाव के काम में जुटी हैं।
कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति के लिए अधिकारियों को निर्देश
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं यूपीपीसीएल के अध्यक्ष रणबीर प्रसाद ने छठ पूजा के दौरान प्रदेशवासियों को निर्बाध और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों, मुख्य अभियंताओं और अन्य संबंधित अधिकारियों को त्योहार के दौरान बिजली कटौती से बचने तथा आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा है।
अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पर्याप्त मरम्मत गैंग, ट्रॉली ट्रांसफार्मर और जरूरी उपकरणों व सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में जल्द से जल्द बिजली बहाल की जा सके।
बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों की होगी नियमित जांच
छठ पूजा के दौरान बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। रणबीर प्रसाद ने अधिकारियों को नियमित पेट्रोलिंग करने, ट्रांसफार्मरों और फीडरों के लोड की जांच करने तथा ढीले बिजली तारों को ठीक कराने को कहा है।
इसके अलावा झुके हुए बिजली के खंभों को दुरुस्त करने और पूजा स्थलों के आसपास विद्युत सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य घाटों और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
संभावित तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए रात में भी काम
प्रदेश की बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल समेत सभी डिस्कॉम के जिलों में विभागीय टीमें सक्रिय हैं। बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
जहां तकनीकी खराबी की आशंका है, वहां समय रहते मरम्मत और रखरखाव के काम कराए जा रहे हैं। बिजली व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए रात्रिकालीन मेंटेनेंस कार्य भी जारी हैं। विभाग का प्रयास है कि छठ पूजा के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आरडीएसएस के तहत विद्युत नेटवर्क को किया जा रहा मजबूत
प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भी काम करा रही है। इस योजना के माध्यम से विद्युत नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में फील्ड पर तैनात बिजलीकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। विभागीय टीमें बिजली लाइनों के रखरखाव, तकनीकी समस्याओं के समाधान और उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में जुटी हैं।
आरडीएसएस के तहत चल रहे कार्यों का उद्देश्य प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाना है। योगी सरकार का लक्ष्य बेहतर विद्युत बुनियादी ढांचा विकसित कर प्रदेश के हर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।






