यूपी में स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात, 2023.50 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट प्रावधान, पांच मंडलों में खुलेंगे नए आयुष मेडिकल कॉलेज

Share

लखनऊ, 04 अगस्त । उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को बड़ी प्राथमिकता दी है। आयुष और चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार ने कुल 2023.50 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट प्रावधान किए हैं। इसमें आयुष विभाग के लिए 23.25 करोड़ रुपये और चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए 2000.25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

पांच मंडलों में खुलेंगे नए आयुष मेडिकल कॉलेज
अनुपूरक बजट में आयुष क्षेत्र के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने आगरा, बस्ती, गोंडा, मेरठ और मिर्जापुर मंडलों में नए राजकीय एकीकृत आयुष चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय स्थापित करने का निर्णय लिया है।

इन पांचों मंडलों में वर्तमान में कोई आयुष चिकित्सा महाविद्यालय संचालित नहीं है। नए संस्थानों की स्थापना के लिए 23.25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे आयुष चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा।

आईआईटी कानपुर के सहयोग से आयुर्वेद अनुसंधान केंद्र
आयुष क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और आईआईटी कानपुर के सहयोग से गंगवाल स्कूल ऑफ साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी में आयुर्वेद अनुसंधान क्लीनिकल प्रमाणीकरण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 3.25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 1500 करोड़ रुपये
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए स्वीकृत 2000.25 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट में सबसे बड़ा हिस्सा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को दिया गया है। इसके लिए 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सरकार ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। 108 ईएमटीएस ‘स्वास्थ्य सेवा’ के संचालन के लिए 200 करोड़ रुपये और 102 एम्बुलेंस सेवा के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

शहरी अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्था होगी मजबूत
प्रदेश के शहरी चिकित्सालयों में अग्निशमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 96 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इससे अस्पतालों में सुरक्षा मानकों को और मजबूत किया जाएगा।

आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर सरकार का जोर
उत्तर प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुलभ बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसके तहत राज्य कैंसर मिशन की स्थापना, एसजीपीजीआई में क्वार्टनरी हेल्थ केयर सेंटर, ऑपरेशन थिएटर सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम, स्मार्ट आईसीयू नेटवर्क और एकीकृत ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क जैसी योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930