पटना। नीतीश कुमार से 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में वर्ष 2024 बैच के बिहार कैडर के भारतीय वन सेवा (IFS) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुलाकात की।
ट्रेनिंग के अनुभव साझा, भविष्य की जिम्मेदारियों पर चर्चा
प्रशिक्षु अधिकारियों—हिमांशु द्विवेदी, प्रिंस कुमार सिंह, रविन्दर कुमार वर्मा और योगेश बोरकर—ने मुख्यमंत्री के साथ अपने प्रशिक्षण अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण के बाद सभी अधिकारियों की विभिन्न स्थानों पर पोस्टिंग होगी, जहां उन्हें अपनी जिम्मेदारियां पूरी निष्ठा से निभानी होंगी।
हरित आवरण बढ़ाने में निभाएं भूमिका
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में हरित आवरण पहले करीब 9 प्रतिशत था, जिसे राज्य सरकार के प्रयासों से बढ़ाकर 17 प्रतिशत तक किया गया है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पिछले कुछ वर्षों से वर्षा में कमी देखी जा रही है, ऐसे में जल संचयन पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, ताकि भूजल स्तर संतुलित बना रहे। उन्होंने शहरों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने की भी आवश्यकता बताई।
ईमानदारी और संवेदनशीलता से करें कार्य
नीतीश कुमार ने अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने की सलाह दी और राज्य व देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रधान सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





