पटना/शिवहर, 19 जुलाई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड के बेलवा में आयोजित समारोह में बागमती-बूढ़ी गंडक नदी जोड़ परियोजना के तहत बेलवा (शिवहर)-मीनापुर (मुजफ्फरपुर) लिंक चैनल (बेलवाधार) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ परियोजना के सपनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है।
बाढ़ प्रबंधन और सिंचाई को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल बागमती नदी के अतिरिक्त जल को बूढ़ी गंडक नदी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इससे बाढ़ के दौरान अतिरिक्त जल का बेहतर प्रबंधन होगा और बाढ़ की तीव्रता कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि लगभग 68.80 किलोमीटर लंबी इस लिंक चैनल परियोजना का निर्माण 130.88 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह परियोजना बागमती बाढ़ प्रबंधन योजना का अहम हिस्सा है और इससे क्षेत्र के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा।
किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद
सम्राट चौधरी ने कहा कि परियोजना से सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी, कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में इजाफा होगा। साथ ही मत्स्य पालन सहित कृषि आधारित अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना भू-जल पुनर्भरण, हरित आवरण के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।
जल संसाधनों के समग्र प्रबंधन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार जल संसाधनों के वैज्ञानिक एवं समग्र प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण और किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार नदी जोड़ परियोजनाएं विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
200 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवहर जिले के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की 40 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें 22 योजनाओं का उद्घाटन तथा 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इससे पहले उन्होंने बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया।
विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर जीविका, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग तथा बिहार पुलिस की अभया ब्रिगेड और साइबर क्राइम इकाई द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
स्वयं सहायता समूहों को मिला 25.35 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिवहर जिले के 4,550 जीविका स्वयं सहायता समूहों को 25 करोड़ 35 लाख रुपये का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का मजबूत माध्यम बन रहे हैं और राज्य सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, सांसद लवली आनंद, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, विधायक अमित कुमार, विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी और रेखा कुमारी, पूर्व सांसद रमा देवी, जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






