कटिहार, 19 जुलाई। कटिहार पुलिस ने मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक दस्तावेज, विभिन्न बैंकों के हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, छह जिंदा कारतूस और 500 रुपये के हस्ताक्षरित स्टाम्प पेपर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह अंतिम चयन सुनिश्चित कराने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 10 लाख रुपये तक की अवैध वसूली करता था।
वाहन जांच के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपित
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई को कुर्सेला थाना पुलिस बल्थी महेशपुर क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर रास्ता बदलकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिले प्रमाण-पत्र और कारतूस
पूछताछ में आरोपितों की पहचान पूर्णिया जिले के टिक्कापट्टी थाना क्षेत्र के सफहा निवासी सोनू कुमार (26) और पुरानी नंदगोला निवासी साहिल कुमार (22) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से मैट्रिक और इंटरमीडिएट के कई मूल प्रमाण-पत्र, दो मोबाइल फोन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए। कड़ी पूछताछ में दोनों ने सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग कराने वाले गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार कर ली।
गिरोह के अन्य सदस्यों का भी खुलासा
गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे सुजीत (पटना निवासी), मिथुन कुमार और संजय कुमार (दोनों सफहा, पूर्णिया निवासी) के साथ मिलकर इस गिरोह का संचालन करते थे।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने साहिल कुमार के घर पर छापेमारी की, जहां से सिपाही भर्ती परीक्षा के कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी बरामद किए गए।
फरार आरोपितों की तलाश जारी
इस मामले में कुर्सेला थाना में कांड संख्या-285/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।






