पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि केंद्र के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश में स्पष्ट बहुमत की सरकार बनाई है और अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में उन राज्यों में भी कमल खिलाया जाएगा, जहां अब तक भाजपा की सरकार नहीं बन पाई है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना के बापू सभागार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अभिनंदन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए दावा किया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, केरल, तेलंगाना और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गर्व और सम्मान की बात है कि राज्य का एक नेता दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना है। इससे बिहारवासियों का आत्मसम्मान और गौरव और बढ़ा है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए सम्मान की बात है। भाजपा के वैचारिक सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जिस विचारधारा का बीज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बोया, जिसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सींचा और स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र जैसे नेताओं ने आगे बढ़ाया, वही आज एक विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ा है। भारतीय जनता पार्टी संगठन, विचारधारा और जनाधार के स्तर पर आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता ने विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को जीत दिलाकर प्रचंड जनादेश दिया। बिहारवासियों के इसी स्नेह और विश्वास का सम्मान करते हुए पार्टी ने बिहार के लाल नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में ऐसा उदाहरण बहुत कम देखने को मिलता है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक-एक बूथ को सशक्त करना है और बिहार की जनता ने भाजपा व राजग पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि पहले राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के नेतृत्व में देश में मजबूत और स्थिर सरकार बनी और अब नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी का विस्तार नए राज्यों में करना है। जहां-जहां अब तक भाजपा का कमल नहीं खिला है, वहां सरकार बनाकर विकास और सुशासन का भाजपा मॉडल लागू किया जाएगा।





