– जलावन के लिए कोयला चुन रहे थे सात ग्रामीण, मलबे में दबे सभी लोगों को बचाव अभियान चलाकर निकाला गया
बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की कथारा कोलियरी में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। कोलियरी के स्टॉकयार्ड में कोयले का ऊंचा ढेर अचानक धंसने से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय सभी लोग घरेलू उपयोग और जलावन के लिए कोयला चुन रहे थे।
कोयले के ढेर की चपेट में आए सात ग्रामीण
हादसा बेरमो अनुमंडल के कथारा ओपी क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के नंबर-5 स्टॉकयार्ड में हुआ। जानकारी के अनुसार, आसपास के गांवों के सात लोग जलावन के लिए रिजेक्ट कोयला चुनने पहुंचे थे। इसी दौरान कोयले का बड़ा ढेर अचानक धंस गया और वहां मौजूद छह महिलाओं तथा एक पुरुष को अपनी चपेट में ले लिया। सभी लोग भारी कोयले के मलबे के नीचे दब गए।
तीन महिलाओं की मौत, चार घायल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और सीसीएल प्रबंधन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान पुष्पा देवी, कौशल्या देवी और हीरालाल की पत्नी के रूप में हुई है। पुष्पा देवी गल्लू यादव की पत्नी थीं, जबकि कौशल्या देवी के पति का नाम विश्वनाथ बताया गया है। तीनों महिलाएं बांध बस्ती की रहने वाली थीं।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बेरमो के एसडीपीओ रवींद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस और सीसीएल प्रबंधन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ग्रामीण स्टॉकयार्ड में कोयला चुनने पहुंचे थे। कोयले का ढेर किस वजह से धंसा और हादसे की परिस्थितियां क्या थीं, इसकी पड़ताल की जा रही है।
घटना के बाद कथारा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






