बिहार के 1.08 करोड़ पेंशनधारियों को बड़ी राहत, सीएम सम्राट चौधरी ने खातों में भेजे 1237.48 करोड़ रुपये

Share

पटना, 10 अक्टूबर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं सहित कुल 1 करोड़ 8 लाख 36 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन की राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने अपने आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रति लाभार्थी 1,100 रुपये की दर से कुल 1,237 करोड़ 48 लाख रुपये भेजे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में सभी जिलों के जिलाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को राशि हस्तांतरित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

हर महीने की 10 तारीख को खाते में पहुंचेगी पेंशन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवा महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा का सरकार पूरा ध्यान रख रही है।

उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने से पेंशन वितरण को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने में मदद मिलती है। सरकार चाहती है कि पात्र लाभार्थियों को उनकी पेंशन नियमित रूप से मिलती रहे और उन्हें इसके लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

कोई भी पात्र लाभार्थी पेंशन से वंचित न रहे : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र के गांवों में जाकर पात्र लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी लें।

उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विशेष अभियान चलाकर यह पता लगाया जाए कि सभी योग्य लोगों को पेंशन मिल रही है या नहीं। इसके साथ ही हेल्थ सर्वेक्षण के दौरान भी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।

विकसित बिहार के लिए मिलकर काम करने का आह्वान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि गरीबों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से काम करें। साथ ही, लाभार्थियों की पहचान और पेंशन वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह, समाज कल्याण विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी भी कार्यक्रम से जुड़े।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031