–शराब हंगामे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम
बिहार के सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हमला होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना राघोपुर पंचायत के महादलित टोला की बताई जा रही है, जहां शराब हंगामे की सूचना पर पुलिस कार्रवाई करने पहुंची थी।
हमले में एएसआई समेत दो जवान घायल
बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई अंजय कुमार और महिला होमगार्ड जवान काजल कुमारी घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त
हमले के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस के सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
महिला जवान की राइफल छीने जाने की चर्चा
घटना के दौरान महिला होमगार्ड जवान की राइफल छीने जाने की भी चर्चा सामने आई। हालांकि बाद में राइफल एक खेत से बरामद होने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। राघोपुर थाना की ओर से वरीय अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
एसडीपीओ और एसपी ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वीरपुर एसडीपीओ और सुपौल एसपी भी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात तक पूरे इलाके में पुलिस की सघन तैनाती बनी रही और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर छापेमारी और पूछताछ जारी है। प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।






