बेतिया, 21 जुलाई। बिहार के बेतिया में एक निजी क्लीनिक में कार्यरत नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नर्स का शव क्लीनिक की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में बेड के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सीखना मठ निवासी ममता कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, ममता पिछले करीब छह वर्षों से डॉ. संतोष कुमार सिंह और डॉ. रूबी के निजी क्लीनिक में नर्स के रूप में काम कर रही थी।
मोबाइल बंद होने पर परिजनों ने शुरू की तलाश
मृतका के परिजनों ने बताया कि ममता का मोबाइल फोन पिछले दिन से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी जब उससे संपर्क नहीं हो पाया तो उसकी बहन क्लीनिक पहुंची और डॉक्टर व वहां मौजूद कर्मचारियों से ममता के बारे में जानकारी मांगी।
परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक में मौजूद लोगों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब उसकी बहन क्लीनिक की तीसरी मंजिल पर पहुंची तो एक कमरे में बेड के नीचे ममता का शव मिला।
शव छिपाने का आरोप, हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि शव को कई गद्दों से ढंककर रखा गया था, ताकि किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सके। उनका कहना है कि ममता की गला दबाकर हत्या की गई है और शव को छिपाने का प्रयास किया गया।
शव मिलने के बाद क्लीनिक में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पहले डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नगर थाना पुलिस और डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
डॉक्टर ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, क्लीनिक संचालक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने परिजनों के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ममता उनके क्लीनिक में स्टाफ के रूप में काम करती थी और परिवार के सदस्य की तरह थी।
उन्होंने बताया कि जब ममता क्लीनिक में नहीं दिखी तो उसकी तलाश की गई। बाद में परिजनों के साथ खोजबीन के दौरान तीसरी मंजिल के कमरे में उसका शव मिला। डॉक्टर ने कहा कि मौत की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।






