बिहारशरीफ। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बुधवार को भी फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहां जिलेभर में चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेगा कैंप के अंतर्गत सभी लक्षित लाभार्थी (2 साल से कम उम्र के बच्चों गर्भवती महिलाओं एवं अति गंभीर बीमार व्यक्ति को छोड़कर) स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्यक्ष पर्यवेक्षित औषधि सेवन के तहत दवा खिलाई गई।
एम डी ए मेगा कैंप के तहत सभी चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रो पर बूथ स्थापित कर लाभार्थियों को दवा सेवन कराया गया। वहीं जिले के 11 प्रखंडों में कुल 544 बूथ स्थापित किए गए हैं। जिसके तहत लगभग 1,58,728 लाभुकों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बिहार शरीफ सदर क्षेत्र में बड़ी पहाड़ी आंगनबाड़ी कोड 49 एवं बबुरबन्ना सोहसराय कोड 7 से लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से कैंप का शुभारंभ भी किया गया है। साथ हीं जीविका सदस्यों के द्वारा लाभुकों का मोबिलाइजेशन का काम किया जा रहा है। आईसीडीएस के आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रो पर कैंप का आयोजन किया गया तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग की गई है। स्वास्थ्य विभाग कि ओर से आशा फैसिलिटेटर एवं आशा वर्कर द्वारा इन बूथों पर लाभुको को दवा खिलाने का कार्य किया गया है।





