पलामू। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पलामू जिले के छतरपुर अनुमंडल अंतर्गत नौडीहा बाजार ब्लॉक कार्यालय के आवासीय परिसर में शुक्रवार को रोजगार सेवक जितेंद्र राम को मनरेगा कूप योजना में एंट्री करने के नाम पर सात हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पलामू की टीम ने यह कार्रवाई की। रोजगार सेवक को गिरफ्तार करने के बाद मेदिनी नगर कार्यालय लाया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। एसीबी की कार्रवाई से नौडीहा बाजार ब्लॉक कार्यालय के कर्मियों में हड़कंप मच गया है। एसीबी टीम ने नौडीहा बाजार ब्लॉक में पहली बार इस तरह की कार्रवाई की है।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार सरईडीह पंचायत के खरडीहा के राजन यादव को मनरेगा योजना के तहत 4 लाख 72 हजार की कूप स्वीकृत हुई थी। इसमें मजदूरी भुगतान का इंट्री करने के लिए राजन ने रोजगार सेवक जितेंद्र राम से कई बार आग्रह किया, लेकिन घूस की राशि देने के बाद ही कार्य करने पर वह अड़ा रहा।
राजन ने इसकी शिकायत एसीबी पलामू कार्यालय में की थी। इसकी जांच की गई और मामला सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई और कार्रवाई के लिए टीम बनाकर मौके पर भेजा गया। प्रखंड कार्यालय में बने आवास में रोजगार सेवक ने जैसे ही लाभुक से घूस की सात हजार रूपये ली, उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।





