भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- एसटी मोर्चा के आंदोलन से सरकार पर बना दबाव, निष्पक्ष जांच से सामने आएगी मामले की सच्चाई
रांची, 10 नवंबर । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा है कि आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा के आंदोलन और लगातार दबाव के बाद झारखंड सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के विरोध-प्रदर्शन और आगामी आंदोलन की घोषणाओं का असर सरकार के फैसले पर पड़ा है।
साहू ने मंगलवार रात जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि निशा भगत की आत्महत्या की खबर मिलते ही भाजपा एसटी मोर्चा ने सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू कर दिया था। इसके बाद पुतला दहन, मशाल जुलूस सहित चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि एसटी मोर्चा के साथ पूरी भाजपा लगातार इस मामले को उठाती रही और सरकार पर निष्पक्ष जांच के लिए दबाव बनाया।
झारखंड बंद और कैंडल मार्च की हुई थी घोषणा
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा की ओर से आने वाले दिनों में झारखंड बंद और कैंडल मार्च सहित कई आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा की गई थी। उनके अनुसार, भाजपा के लगातार विरोध और आंदोलन के कारण राज्य सरकार को मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सीबीआई जांच से सच्चाई सामने आने का भरोसा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को विश्वास है कि सीबीआई जांच से मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल होगी और सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि निशा भगत के साथ हुई घटनाओं और उनकी आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच जरूरी है।
चरित्र हनन और मानसिक तनाव का भी उठाया मुद्दा
साहू ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने निशा भगत का चरित्र हनन करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि इससे उत्पन्न मानसिक तनाव के बीच निशा भगत ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने का निर्णय लिया। उनके मुताबिक, जांच के जरिए इन परिस्थितियों और उनसे जुड़े सभी पहलुओं की सच्चाई सामने आनी चाहिए।
दोषियों पर कार्रवाई और परिजनों को न्याय की मांग
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा को भरोसा है कि सीबीआई जांच से निशा भगत के परिजनों को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और किसी को भी बचाया नहीं जाना चाहिए।






