पटना: पटना में नदियों में चलने वाली नावों पर ओवरलोडिंग को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर नाव संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जन सुरक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि सभी नावों का निबंधन अनिवार्य होगा। इसके साथ ही नावों की कैरियिंग कैपेसिटी, सुरक्षा उपकरण और लाइफ जैकेट जैसी सुविधाओं की नियमित जांच की जाएगी।
नियमों का उल्लंघन करने वाले नाव मालिकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे नाव यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें और ओवरलोड नावों में सफर करने से बचें, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।





