धनबाद में बालू तस्करों का तांडव, बाइक सवार को रौंदा; बेटी बाल-बाल बची

Share

धनबाद। धनबाद जिले में अवैध बालू तस्करी और ढुलाई में लगे ट्रैक्टर चालकों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शुक्रवार को कतरास थाना क्षेत्र का है, जहां मामूली विवाद के बाद एक ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में मृतक की पुत्री बाल-बाल बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कंको मूसा पहाड़ी पुल के पास राजगंज–महुदा राष्ट्रीय राजमार्ग-32 (एनएच-32) पर अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान बाइक सवार पिता-पुत्री से उसकी बहस हो गई। बाइक सवार द्वारा विरोध किए जाने पर गुस्साए ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर बाइक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया।

हादसे में महावीर महतो (50) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री इस भयावह घटना में बच गई, हालांकि वह गहरे सदमे में है। प्रत्यक्षदर्शी धनंजय और मृतक की पुत्री ने बताया कि विवाद के बाद ट्रैक्टर चालक ने जान से मारने की नीयत से बाइक सवार को रौंद दिया।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने राजगंज–महुदा मुख्य मार्ग एनएच-32 को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी अवैध बालू कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही कतरास, तेतुलमारी, बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही फरार चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है।

इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू ढुलाई जारी है, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। खबर लिखे जाने तक मौके पर सड़क जाम की स्थिति बनी हुई थी और क्षेत्र में तनाव का माहौल कायम है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728