रांची, 06 अक्टूबर । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को रांची जिला दुर्गा पूजा समिति और रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को चुनरी और मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर आगामी शारदीय नवरात्रि के दौरान सपरिवार विभिन्न पूजा पंडालों के भ्रमण और महाआरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार कर लिया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर पूजा समितियों के साथ कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को भी पूजा आयोजनों का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
इको-फ्रेंडली तरीके से मूर्ति विसर्जन की अपील
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूजा समितियों से अपील की कि मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन पर्यावरण अनुकूल तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि पूजा की धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सभी की है।
उन्होंने पूजा समितियों से ऐसे उपाय अपनाने का आग्रह किया, जिससे जलाशयों को प्रदूषण से बचाया जा सके और विसर्जन के बाद जल स्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
पंडालों में लगे ‘नशामुक्त झारखंड’ के संदेश
मुख्यमंत्री ने पूजा पंडालों के माध्यम से ‘नशामुक्त झारखंड’ का संदेश आम लोगों, खासकर युवाओं तक पहुंचाने का सुझाव दिया। उन्होंने समितियों से पंडाल परिसर में नशामुक्ति से जुड़े होर्डिंग और बैनर लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में होने वाले अनाउंसमेंट के माध्यम से भी युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा सकता है।
समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
समय से पहले बैठकों से समस्याओं का समाधान
प्रतिनिधिमंडल ने दुर्गा पूजा की तैयारियों में रांची जिला प्रशासन के सकारात्मक सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। समिति के सदस्यों ने कहा कि पूजा से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर समय से पहले बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
इन बैठकों के कारण पूजा समितियों से जुड़ी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्रशासन तक समय पर पहुंच रही है और उनका त्वरित समाधान भी किया जा रहा है।
विधि-व्यवस्था से लेकर बिजली-पानी तक पर CM का निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को दुर्गा पूजा के दौरान व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए, ताकि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को श्रद्धालुओं की भीड़ और पूजा आयोजनों को ध्यान में रखते हुए पहले से समुचित तैयारी करने पर जोर दिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने बिजली और पानी की निर्बाध व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि पूजा के दौरान शहर में किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
मुख्यमंत्री के साथ हुई मुलाकात में दुर्गा पूजा समितियों ने भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।






