थल सेना दिवस पर राष्ट्रपति, लाेकसभा अध्यक्ष सहित प्रमुख नेताओं ने वीर जवानों को किया नमन

Share

नई दिल्ली। थल सेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु व लाेकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रियाें और राज्याें के मुख्यमंत्रियाें व विपक्ष के नेताओं ने भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारतीय सेना राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है। सैनिक न केवल सीमाओं की सुरक्षा करते हैं, बल्कि आपदाओं और मानवीय संकटों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी अटूट ‘राष्ट्र प्रथम’ भावना हर भारतीय को प्रेरित करती है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी अपनी एक पाेस्ट में थल सेना दिवस पर राष्ट्र के सजग प्रहरी, ‘भारतीय थल सेना’ के वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना न केवल देश की आंतरिक और बाहरी सीमाओं की अडिग सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि संकट की हर घड़ी में नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी रहती है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ही भारतीय सेना की पहचान है, जो हर नागरिक को सुरक्षा का भरोसा देती है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सेना दिवस पर जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय सेना की वीरता इतिहास के पन्नों में गूंजती है और हर पीढ़ी में देशभक्ति की ज्वाला प्रज्ज्वलित करती है। उन्होंने कर्तव्य के प्रति सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को सलाम किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने अपनी व्यावसायिकता, अनुशासन और मानवीय सेवा के माध्यम से वैश्विक सम्मान अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार एक आधुनिक, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार सेना के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और एक कृतज्ञ राष्ट्र अपने सैनिकों पर गर्व करता है।

इस माैके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने थल सेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मां भारती की रक्षा के लिए समर्पित जवानों के अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य और अजेय पराक्रम के पर्याय भारतीय थल सेना के समस्त वीर जवानों, जांबाज पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को थल सेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमालय की दुर्गम चोटियों से लेकर तपते रेगिस्तानों तक, अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों में भी माँ भारती की रक्षा हेतु आपका समर्पण, त्याग और अटूट कर्तव्यनिष्ठा हर भारतवासी के लिए प्रेरणा का पुंज है। राष्ट्र की संप्रभुता के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले हमारे वीर प्रहरियों के अदम्य संकल्प को नमन करती हूं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सेवा परमो धर्मः’ के आदर्शों को साकार करने वाले भारतीय सेना के वीरों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आपकी कर्तव्यनिष्ठा व त्याग पर हमें गर्व है।

थल सेना दिवस के माैके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारतीय सेना देश की दृढ़ ढाल है, जो दुर्गम इलाकों में सीमाओं की रक्षा करने के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के समय अडिग समर्थन प्रदान करती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता जताई।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031