कोयंबटूर, 18 अप्रैल — तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के वालपाराई पहाड़ी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। 13वें हेयरपिन मोड़ के पास एक पर्यटन वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई।
खतरनाक मोड़ पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, केरल के मलप्पुरम से 13 लोग वालपाराई घूमने आए थे। घूमकर लौटते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। वैन सुरक्षा दीवार से टकराने के बाद लगभग 800 फीट गहरी खाई में गिर गई।
7 शिक्षिकाओं समेत 9 लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य ने पोल्लाची के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक ही स्कूल की 7 शिक्षिकाएं, एक कर्मचारी और एक 12 वर्षीय बच्चा शामिल हैं।
तीन घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रशासन ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मुआवजे की घोषणा की तैयारी
केरल के बिजली मंत्री ने घटनास्थल का दौरा कर कहा कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी।






