आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में गुरुवार (26 फरवरी) को भारत का मुकाबला जिम्बाब्वे से चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में हुआ. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 72 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को जीत के लिए 257 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन वो 6 विकेट पर 184 रन ही बना सका.
भारतीय टीम को अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए वेस्टइंडीज को पराजित करना होगा. भारत-वेस्टइंडीज का मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाना है. भारतीय टीम की जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच गया. वहीं जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुका है.
ऐसी रही जिम्बाब्वे की इनिंग्स
रनचेज में जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी, मगर धीमी रही. ब्रायन बेनेट और तादिवानाशे मारुमनी ने 6.2 ओवरों में 44 रन जोड़े. अक्षर पटेल ने मारुमनी (20 रन) को आउट करके इस साझेदारी को ब्रेक किया. इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने डियोन मायर्स को सिर्फ 6 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया. यहां से कप्तान सिकंदर रजा और ब्रायन बेनेट के बीच तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई. रजा ने 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 21 बॉल पर 31 रनों का योगदान दिया.
जिम्बाब्वे की पारी के 17वें ओवर में सिकंदर रजा को अर्शदीप सिंह ने आउट किया. अर्शदीप ने फिर रयान बर्ल को भी 0 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया. अर्शदीप ने इसके बाद टोनी मुनयोंगा का भी शिकार किया, जो केवल 11 रन बना सके. मुशेकिवा ने 7 रन बनाए और उन्हें शिवम दुबे ने पवेलियन भेजा. विकेटों के पतझड़ के बीच सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट आखिर तक क्रीज पर जमे रहे. बेनेट ने 8 चौके और 6 छक्के की मदद से 59 बॉल पर नाबाद 97 रन बनाए.
ऐसी रही भारत की इनिंग्स
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 4 विकेट पर 256 रन बनाए, जो इस वर्ल्ड कप में किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर रहा. भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. संजू सैसमन और अभिषेक शर्मा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े. संजू 24 रन बनाकर आउट हुए. संजू को ब्लेसिंग मुजारबानी ने रयान बर्ल के हाथों कैच आउट कराया. यहां से ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की. इस पार्टनरशिप के दौरान अभिषेक ने 26 बॉल पर फिफ्टी पूरी कर ली. मौजूदा वर्ल्ड कप में अभिषेक ने पहली बार 50 का आंकड़ा पार किया है.
भारत का दूसरा विकेट ईशान किशन (38 रन) के रूप में गिरा, जिन्हें सिकंदर रजा ने रिचर्ड नगारवा के हाथों कैच आउट कराया. ईशान के आउट होने के कुछ देर बाद अभिषेक शर्मा भी टिनोटेंडो मापोसा की गेंद पर चलते बने. अभिषेक ने चार छक्के और चार चौके की मदद से 30 गेंदों पर 55 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तूफानी अंदाज दिखाते हुए 13 गेंदों पर 33 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.
सूर्यकुमार यादव का विकेट रिचर्ड नगारवा ने लिया. यहां से हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने नाबाद 84 रन जोड़कर भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. हार्दिक ने चार छक्के और दो चौके की मदद से 23 बॉल पर नाबाद 50 रन बनाए. वहीं तिलक ने 16 बॉल पर नाबाद 44 रनों की पारी खेली, जिसमें चार छक्के और तीन चौके शामिल रहे.
IND vs ZIM मैच में प्लेइंग 11 में क्या बदलाव हुए
इस मुकाबले में दोनों ही टीमों की प्लेइंग 11 में बदलाव हुए. रिंकू सिंह और वॉशिंंगटन सुंदर इस मुकाबले से बाहर रहे. इनकी जगह संजू सैमसन और अक्षर पटेल की एंट्री हुई. वहीं जिम्बाब्वे की टीम में ग्रीम क्रेमर की जगह टिनोटेंडा मापोसा की एंट्री हुई.
जिम्बाब्वे की प्लेइंग 11: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडो मापोसा, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी.
भारत की प्लेइंग 11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती.





