झारखंड में 12,500 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों के निर्माण का लक्ष्य, वीबी-जी राम जी योजना से गांवों की बदलेगी तस्वीर : दीपिका पांडेय

Share

रांची, 13 नवंबर । झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने 12,500 किलोमीटर जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया है। विकसित भारत जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर यह कदम उठाया गया है। विभाग ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।

मुख्य सड़क से वंचित ग्रामीण बसावटों को मिलेगी प्राथमिकता

विभाग के अनुसार, सड़क निर्माण में उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाई हैं। इसके साथ ही ऐसी बसावटों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं मिली है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाना और दूर-दराज के गांवों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है।

सभी 24 जिलों के लिए निर्धारित किया गया लक्ष्य

राज्य के सभी 24 जिलों में सड़क निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है। पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इसके बाद पलामू में 1,100 किलोमीटर और गढ़वा में 1,000 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।

चतरा में 850 किलोमीटर, लातेहार में 800 किलोमीटर, पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर और हजारीबाग में 700 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। वहीं, बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

किसानों और ग्रामीण कारोबारियों को मिलेगा लाभ

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ग्रामीण सड़कों का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी कृषि उपज, सब्जियां, फल और लघु वनोपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। इससे परिवहन लागत और आवागमन में लगने वाला समय कम होगा।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए। सड़कों का निर्माण इस तरह हो कि वे टिकाऊ रहें और ग्रामीणों को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके।

विभाग के अनुसार, योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30