‘झारखंड में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करना भी अपराध’, सीएम आवास घेराव के बाद आदित्य साहू का सरकार पर हमला

Share

रांची, 10 अगस्त । छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना-प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। इस दौरान भाजपा ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

मुख्यमंत्री आवास घेराव, नेताओं को रोका गया
भाजपा नेता नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के साथ मुख्यमंत्री से वार्ता करने आवास की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। विरोधस्वरूप भाजपा नेता वहीं धरना पर बैठ गए। बाद में सभी नेताओं को डिटेन कर खेलगांव स्थित कैंप जेल ले जाया गया।

17 दिनों से आंदोलन पर छात्र
उल्लेखनीय है कि राज्य भर के छात्र पिछले 17 दिनों से रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में धरना और आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। कई दौर की वार्ता के बावजूद उनकी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी है।

सरकार पर तानाशाही का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि “17 दिनों से छात्र धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार को उनकी सुध लेने की फुर्सत नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के साथ धक्का-मुक्की कर बस में बैठाया गया, जो लोकतंत्र के लिए ठीक संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि क्या अब राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना भी अपराध हो गया है।

लाठीचार्ज पर सरकार को घेरा
साहू ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को बर्बर कार्रवाई बताते हुए कहा कि सरकार लाठी के दम पर छात्रों की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बारिश में टेंट नहीं लगाने दिया गया, फिर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और अब लाठियां बरसाई जा रही हैं।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना
आदित्य साहू ने कहा कि एक ओर कांग्रेस दिल्ली में प्रदर्शन करती है, जबकि झारखंड में अपनी ही सरकार के दमन पर चुप है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से छात्रों की सीबीआई जांच की मांग पर दबाव बनाने या समर्थन वापस लेने की बात कही।

मरांडी का आरोप, ‘नौकरियां बेची गईं’
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्र लंबे समय से सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार वार्ता के नाम पर उन्हें टाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी की नौकरियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे गरीब और मेहनतकश युवाओं के साथ अन्याय हुआ है।

संघर्ष जारी रखने की चेतावनी
मरांडी ने कहा कि छात्रों पर हुई कार्रवाई क्रूर और बर्बर है और इसका जवाब जनता देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी और छात्रों को न्याय दिलाने तक पीछे नहीं हटेगी।

कार्यक्रम में कई नेता शामिल
मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, गीता कोड़ा सहित कई विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930