रांची : Irfan Ansari ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल होने का दावा किया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के बाद भारत सरकार ने राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में MBBS और पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सीटों में बड़ी वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इसे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस फैसले से आने वाले वर्षों में झारखंड में डॉक्टरों की कमी काफी हद तक दूर होगी और मेडिकल शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब राज्य के छात्रों को डॉक्टर बनने के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
धनबाद मेडिकल कॉलेज में 150 नई MBBS सीटें
Shaheed Nirmal Mahto Medical College and Hospital में वर्तमान 100 MBBS सीटों को बढ़ाकर 250 कर दिया गया है। यानी कॉलेज में 150 नई सीटों की ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है।
इसके अलावा MGM Medical College में भी सीट विस्तार को मंजूरी दी गई है। साथ ही विभिन्न विभागों में PG सीटों की भी स्वीकृति दी गई है, जिससे राज्य में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी।
केंद्र से 225 करोड़ रुपये की मंजूरी
इस योजना के तहत भारत सरकार ने MBBS सीट विस्तार के लिए 225 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसमें 135 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की हिस्सेदारी होगी।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा था। सीमित मेडिकल सीटों के कारण छात्रों को बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब अधिक संख्या में राज्य के छात्र डॉक्टर बन सकेंगे और अपने ही राज्य में लोगों की सेवा करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों को होगा सबसे ज्यादा फायदा
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस फैसले का सबसे बड़ा लाभ ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों को मिलेगा। आने वाले समय में अधिक डॉक्टर तैयार होने से गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच सकेंगी।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए Ajay Kumar Singh समेत स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि केंद्र सरकार के साथ लगातार समन्वय और तकनीकी तैयारी की वजह से यह सफलता संभव हो सकी।
मंत्री ने कहा कि यह फैसला झारखंड को मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करेगा।






