रामगढ़। रामगढ़ जिले के हेसला गांव स्थित झारखंड इस्पात प्लांट में हुए हादसे में झुलसे एक और मजदूर की मौत हो गई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
गंभीर रूप से घायल बृजलाल बेदिया ने रांची के देवकमल अस्पताल में सोमवार देर रात दम तोड़ दिया। इससे पहले अशोक बेदिया और अखिल राय की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। वहीं, चार अन्य मजदूर अब भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
फर्नेस फटने से हुआ था हादसा
यह हादसा प्लांट में फर्नेस फटने के कारण हुआ था, जिसमें कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे।
मुआवजे पर बनी सहमति, खत्म हुआ आंदोलन
घटना के बाद मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन सोमवार देर रात खत्म हो गया। जिला प्रशासन, ग्रामीणों और प्लांट प्रबंधन के बीच 6 बिंदुओं पर सहमति बनी।
मृतकों के परिजनों को 21 लाख रुपये
समझौते के तहत—
- मृतक मजदूरों के आश्रितों को 21 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा
- सभी घायलों का निःशुल्क और समुचित इलाज होगा
- स्वस्थ होने तक मजदूरों को नियमित वेतन मिलता रहेगा
- सभी मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का लाभ मिलेगा
- ईएसआईसी (कर्मचारी राज्य बीमा) की सुविधा लागू की जाएगी
- 3 महीने के भीतर प्लांट में प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन और प्रबंधन की ओर से आगे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कदम उठाए जा रहे हैं।





