पूर्वी सिंहभूम। जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक ओझा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने चाकुलिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि रॉयल हेम्ब्रम झाड़-फूंक के दौरान लड़की के शरीर से कथित विष निकालने का दावा करते हुए उसे निर्वस्त्र कर अनुचित हरकत कर रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद आरोपित के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के घर से झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाली माला, बेंत, मादुली, सिंदूर सहित अन्य सामग्री भी बरामद कर जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।






