—रांची से पटना जा रहे थे 31 वर्षीय देवपालिक, यात्रा के दौरान मोबाइल हुआ बंद; आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तलाश में जुटीं
रांची। जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता के लापता होने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले 31 वर्षीय देवपालिक सोमवार को अपने दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार के साथ रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। यात्रा के दौरान वह लापता हो गए। उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। घटना के बाद से परिजन और दोस्त परेशान हैं और उनकी तलाश में मदद की अपील कर रहे हैं।
मुरी जंक्शन से पहले ट्रेन से उतरने की सूचना
जानकारी के अनुसार, देवपालिक गुप्ता और गौतम कुमार सोमवार दोपहर करीब 2:25 बजे रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। बताया जा रहा है कि देवपालिक मुरी जंक्शन पहुंचने से पहले ही ट्रेन से उतर गए थे। इसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो सका है।
हालांकि, वह किन परिस्थितियों में ट्रेन से उतरे और उसके बाद कहां गए, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच एजेंसियां इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी हैं।
आईआईएमसी दिल्ली के पूर्व छात्र हैं देवपालिक
देवपालिक गुप्ता भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली के वर्ष 2018 बैच के पूर्व छात्र हैं। वह वर्तमान में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
उनके अचानक लापता होने की खबर सामने आने के बाद दोस्तों और परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से मदद मांगी है। वे देवपालिक के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील कर रहे हैं।
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम कर रही तलाश
रांची रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट आशीष कुमार पांडे के अनुसार, मामले में मुरी जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीमें मिलकर देवपालिक की तलाश कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि देवपालिक का मोबाइल फोन बंद है। रात करीब दो बजे फोन बंद होने की जानकारी मिली थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रेन से उतरने के बाद वह किस दिशा में गए। फिलहाल मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
कोच और सीट की जानकारी भी साझा की गई
देवपालिक गुप्ता जनशताब्दी एक्सप्रेस (12366) के कोच सी-2 की सीट संख्या 50 पर यात्रा कर रहे थे। परिजनों और दोस्तों ने उनकी तलाश में मदद के लिए यह जानकारी भी साझा की है।
देवपालिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर 8431143526 पर संपर्क किया जा सकता है। परिजनों को उम्मीद है कि लोगों की मदद और पुलिस की तलाश से उनके बारे में जल्द जानकारी मिल सकेगी।






