तीन नवंबर को खेलने निकली थी मासूम, कई दिनों तक तलाश के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा; पुलिस ने स्पीडी ट्रायल का दिया भरोसा
चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का बेहद दुखद मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपी रमाय गागराई को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर जंगल से बच्ची का शव बरामद किया गया।
तीन नवंबर को खेलने निकली थी बच्ची, फिर नहीं लौटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची तीन नवंबर को घर से खेलने के लिए निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
इसी दौरान कुछ बच्चों ने बताया कि उन्होंने बच्ची को जंगल की ओर जाते हुए देखा था। इसके बाद ग्रामीणों ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में तलाश तेज कर दी। खोजबीन के क्रम में पता चला कि गांव का ही रमाय गागराई भी घर से गायब है।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर की पूछताछ
ग्रामीणों के अनुसार, रमाय के भाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि रमाय बनाईकेड़ा गया हुआ है। इसके बाद बच्ची के मामा समेत करीब दस ग्रामीण बनाईकेड़ा पहुंचे और रमाय को पकड़कर उससे पूछताछ की।
ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और हत्या के बाद शव को जंगल में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल गांव के मुंडा को इसकी सूचना दी।
आरोपी की निशानदेही पर जंगल से मिला शव
गांव के मुंडा की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रमाय गागराई को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर जंगल से बच्ची का शव बरामद किया।
शव की स्थिति अत्यंत क्षत-विक्षत बताई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चाईबासा सदर अस्पताल भेजा। वहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस बोली- जुटाए जा रहे वैज्ञानिक और दस्तावेजी साक्ष्य
सोमवार को मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक वैज्ञानिक और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने के लिए मामले का स्पीडी ट्रायल कराने का भरोसा भी दिया। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक और गुस्सा है। स्थानीय लोग बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।






