—मानिकबाद में बेकाबू हुई भीड़, बैरिकेडिंग तोड़कर मंच पर चढ़े 100 से अधिक लोग; पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली, पांच हिरासत में
गिरिडीह, 23 अक्टूबर । झारखंड के गिरिडीह जिले में दुर्गा पूजा समापन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। हीरोडीह थाना क्षेत्र के मानिकबाद में मगही गायक रौशन रोही और गायिका निशा दूबे के कार्यक्रम में अचानक पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने और कलाकारों को मामूली चोट लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
कलाकारों को देखने के लिए उमड़ी थी हजारों की भीड़
मानिकबाद में गुरुवार रात आयोजित कार्यक्रम में रौशन रोही और निशा दूबे को सुनने और देखने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे। कलाकारों को नजदीक से देखने के लिए भीड़ में आगे बढ़ने की होड़ लग गई। इसी दौरान कुछ लोगों के बीच पहले गाली-गलौज हुई और फिर धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
देखते ही देखते युवकों के दो गुटों के बीच विवाद बढ़ गया और पूरे कार्यक्रम परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बैरिकेडिंग तोड़ मंच पर चढ़े 100 से अधिक लोग
हंगामे के दौरान भीड़ ने सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद 100 से अधिक लोग मंच पर चढ़ गए। स्थिति लगातार बिगड़ने लगी और इसी बीच कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है। वहीं, कलाकारों को भी मामूली चोटें लगीं। घटना के कारण कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने किया लाठीचार्ज
स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने सख्ती बरती और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां भांजीं। पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। इसके बाद आयोजकों ने कार्यक्रम बंद कर दिया और परिसर को खाली कराया गया।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती गई। हालांकि, आम लोगों के घायल होने को लेकर पुलिस और शुरुआती खबरों में अलग-अलग जानकारी सामने आई है।
एसडीपीओ बोले—पांच लोगों को हिरासत में लिया गया
खोरी महुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मानिकबाद में रौशन रोही और निशा दूबे का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भीड़ अनियंत्रित हो गई और 100 से अधिक लोग मंच पर चढ़ गए। इससे कलाकारों ने खुद को असुरक्षित महसूस किया।
एसडीपीओ के अनुसार, इसी दौरान मंच पर पथराव हुआ, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और कलाकारों को मामूली चोटें आईं। अनियंत्रित भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को सख्ती करनी पड़ी। बाद में आयोजकों ने कार्यक्रम बंद कर दिया।
उन्होंने बताया कि घटना के सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसडीपीओ ने यह भी कहा कि इस घटना में आम लोगों के घायल होने की सूचना नहीं है।






