गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भाजयुमो नेता मिथिलेश यादव की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। हेसला के पास नेशनल हाईवे पर मिथिलेश का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनके सिर में गोली मारी गई थी।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क के बीच शव देखा, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बगोदर प्रमुख आशा महतो समेत अन्य लोगों के साथ शव को हाईवे पर रखकर सड़क जाम कर दिया।
सूचना मिलने पर एसडीपीओ धनंजय राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि मिथिलेश यादव हेसला गांव के रहने वाले थे और हाईवे के समीप सर्विस सेंटर चलाते थे। गुरुवार रात वह दुकान पर सोने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद शुक्रवार सुबह उनका शव हाईवे पर मिला।
फिलहाल हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






