रांची-खूंटी मुख्य मार्ग पर पुष्पा फ्यूल सेंटर में तीन अपराधियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, घायल कर्मचारी अस्पताल में भर्ती; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही पहचान
केबिन में घुसकर कर्मचारी पर चलाई गोली
खूंटी: खूंटी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। शुक्रवार देर रात रांची-खूंटी मुख्य मार्ग पर स्थित पुष्पा फ्यूल सेंटर में तीन अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस घटना में पेट्रोल पंप के केबिन में काम कर रहे कर्मचारी अमित कुमार (25) को गोली लग गई। गोली उनके पैर में लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पेट्रोल पंप के काउंटर पर एक पर्चा छोड़कर रांची की ओर फरार हो गए।
अपाचे बाइक से पहुंचे थे तीन अपराधी
घटना गुटजोरा पंचायत के जियारप्पा सीमा क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अपराधी हुटार की ओर से पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इसके बाद वे सीधे केबिन में घुस गए। उस समय केबिन में घाघरा गांव निवासी अमित कुमार काम कर रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमित घायल होकर गिर पड़े।
काउंटर पर पर्चा छोड़कर हुए फरार
गोलीबारी के बाद अपराधियों ने पेट्रोल पंप के काउंटर पर एक पर्चा छोड़ा और रांची की दिशा में भाग निकले। बताया जा रहा है कि पर्चे में एक संगठन का नाम और सहयोग से जुड़ी बातें लिखी हुई हैं। हालांकि, पर्चे में लिखी बातों और संगठन से जुड़े दावों की सत्यता की पुलिस जांच कर रही है।
घटनास्थल से तीन खोखे और पर्चा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे और अपराधियों द्वारा छोड़ा गया पर्चा बरामद किया है। पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंशी साव ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से बरामद खोखे और पर्चे के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।






