नई दिल्ली। भारत की स्टार निशानेबाज़ एलावेनिल वलारिवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियनशिप 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर अपना खिताब बरकरार रखा। वहीं, मेघना सज्जनार ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। यह मुकाबला शनिवार को डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, नई दिल्ली में खेला गया।
एलावेनिल ने फाइनल में 252.0 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। जापान की मिसाकी नोबाटा 251.5 अंकों के साथ रजत पदक पर रहीं, जबकि मेघना सज्जनार ने 229.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। यह एलावेनिल का 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में तीसरा एशियन चैंपियनशिप स्वर्ण पदक है।
भारत की ही आर्या बोर्से (209.0) भी फाइनल में पहुंचीं, लेकिन वह चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं।
क्वालिफिकेशन राउंड में एलावेनिल (633.7), आर्या बोर्से (630.3) और मेघना सज्जनार (628.6) की तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी दिलाया। तीनों का संयुक्त स्कोर 1892.6 रहा, जो इस इवेंट में सर्वश्रेष्ठ रहा।
इसके अलावा श्रेया अग्रवाल (632.0) और सोनम उत्तम मस्कर (631.9) ने भी क्वालिफिकेशन राउंड में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। श्रेया तीसरे और सोनम चौथे स्थान पर रहीं, हालांकि रैंकिंग पॉइंट्स के लिए खेल रही होने के कारण वे फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
एशियन चैंपियनशिप के इस संस्करण में अब तक भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। सीनियर वर्ग में भारतीय निशानेबाज़ अब तक छह स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीत चुके हैं, जिससे पदक तालिका में भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है।





