उज्जैन, 28 सितंबर । मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही 636 साल पुरानी शाही मस्जिद को हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। मस्जिद का हिस्सा हटाए जाने के विरोध में मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। इसी दौरान पथराव शुरू हो गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। कुछ देर तक पथराव जारी रहा। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान महिला टीआई घायल
विरोध प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात क्राइम ब्रांच की टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। पुलिस के अनुसार, कुछ महिलाएं विरोध के दौरान आगे बढ़ रही थीं। महिला पुलिस बल को सुरक्षा देने और महिलाओं को सुरक्षित तरीके से हटाने के दौरान पुलिसकर्मी चादर की आड़ में मौजूद महिलाओं के बीच पहुंचे। इसी दौरान टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चादर के कोने से कट लग गया।
चोट लगने के बाद टीआई के हाथ में पट्टी बांधी गई। पुलिस के मुताबिक, किसी महिला को चोट नहीं आई और सभी महिलाएं सुरक्षित हैं।
टंकी चौराहे पर जुटे प्रदर्शनकारी
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह शाही मस्जिद हटाने के विरोध में मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में टंकी चौराहे पर एकत्र हुए। कुछ लोगों ने मस्जिद परिसर में जाने का प्रयास किया, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया। मस्जिद के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की गई। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति की निगरानी करते रहे।

सिंहस्थ के लिए 15 मीटर सड़क चौड़ीकरण
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा करने का काम चल रहा है। इस सड़क के दायरे में सात धर्मस्थल आ रहे थे, जिनमें से अधिकांश को हटाया जा चुका है।
खड़े हनुमान मंदिर से गोपाल मंदिर के बीच एक मजार, खड़े हनुमान मंदिर और शाही मस्जिद को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। शाही मस्जिद को हटाने के प्रस्ताव का मुस्लिम समाज की ओर से विरोध किया जा रहा है।
रविवार रात भी हुआ था विरोध
शाही मस्जिद को हटाने के विरोध में मुस्लिम समाज पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहा था। रविवार रात जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। देर रात तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए रविवार रात करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। प्रशासन के साथ बातचीत के बाद भीड़ के वापस लौटने की बात सामने आई थी।
शहर काजी खलीफुर्रहमान ने बताया कि प्रशासन के साथ सहमति बन गई है और इसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी।

हाई कोर्ट में भी पहुंचा मामला
चौड़ीकरण की जद में आ रही शाही मस्जिद को लेकर मुस्लिम समाज एक बार फिर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट पहुंचा है। मामले में हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में सोमवार को सुनवाई होनी है।
इससे पहले नगर निगम की कार्रवाई की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद परिसर में जुटे थे। शनिवार रात से ही परिसर में लोगों की भीड़ जमा थी और रविवार दोपहर तक विरोध जारी रहा।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की ओर से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।






