अररिया में तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो मरिया धार में गिरी, छह लोगों की मौत, एक गंभीर

Share

अररिया के बीड़ी पुल के पास देर रात हुआ हादसा, मृतकों में चालक समेत छह युवक शामिल; सभी सुपौल के पिपरा बाजार क्षेत्र के रहने वाले

अररिया, 19 नवंबर। बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के पास अनियंत्रित होकर मरिया धार में पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार छह लोगों की जान चली गई। घायल युवक को इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर नहर में गिरी गाड़ी

घटना ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप की है। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सात लोग सिकटी के भपटियाही गांव में संजय मंडल के घर लड़के के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह संपन्न होने के बाद सभी खाना खाकर औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे।

इसी दौरान बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित स्कॉर्पियो पुल के पास से नीचे मरिया धार में जा गिरी। हादसा देर रात होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थानाध्यक्ष सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नहर में पलटी स्कॉर्पियो से सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया।

अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक युवक की हालत गंभीर बताई गई है और उसका इलाज जारी है। जेसीबी मशीन और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को भी नहर से बाहर निकाला गया।

सुपौल के थूमहा गांव के रहने वाले थे सभी मृतक

सदर अस्पताल पहुंचे डीएसपी मुख्यालय रजनीश कुमार ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा बाजार थाना क्षेत्र के थूमहा गांव के रहने वाले थे। सभी सिकटी के भपटियाही में तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर मरिया धार में गिर गई।

हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत छह लोगों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान कुंदन यादव (चालक), यश कुमार (पिता चंदन मंडल), आदित्य अमन (पिता शंकर कुमार), सौरभ कुमार (पिता तुलसी मंडल), कुंदन कुमार (पिता राधेश्याम मंडल) और आर्यन कुमार (पिता शंकर कुमार) के रूप में हुई है।

Oplus_131072

15 से 28 वर्ष के बीच थे स्कॉर्पियो सवार

परिजनों नीरज कुमार और संजय कुमार ने सदर अस्पताल में बताया कि सभी युवक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद भोजन कर गांव लौट रहे थे। गाड़ी में सवार युवकों की उम्र लगभग 15 से 28 वर्ष के बीच थी। अचानक हुए हादसे ने परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ऋषभ ने बताया कि हादसे के बाद कुल सात लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें छह की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार किया जा रहा है।

सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही सुपौल के पिपरा बाजार क्षेत्र से बड़ी संख्या में परिजन अररिया सदर अस्पताल पहुंचे। छह युवकों की मौत की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, सभी मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जाएगी। हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30