पटना, 20 अगस्त। बिहार की उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि हर बिहारी का एक ही लक्ष्य होना चाहिए कि बिहार को किस तरह आगे बढ़ाया जाए। सामूहिक प्रयास और सतत विकास के जरिए ही विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
श्रेयसी सिंह गुरुवार को अधिवेशन भवन में आयोजित ‘बिहार एसडीजी कॉन्क्लेव-2026’ को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जब बिहार समृद्ध होगा, तभी भारत के विकसित होने का लक्ष्य भी मजबूत होगा। सही नीयत और सामूहिक प्रयास से जिला और राज्य दोनों का विकास संभव है।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ी
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसका असर विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने पुलिस विभाग का उदाहरण देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं आज पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
बिहार में आएंगे बड़े उद्योग
श्रेयसी सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार में कई बड़े उद्योग स्थापित होंगे। सरकार इसके लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की ग्रामीण सड़कों में भी काफी सुधार हुआ है, जिससे गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद तेजी से शहरों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में एक्सप्रेस-वे के साथ सड़क और रेल नेटवर्क के विस्तार पर भी तेजी से काम हो रहा है। गांवों में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहतर हुई है और बिहार देश के विकास में तेजी से योगदान दे रहा है।
मंत्री ने कहा कि विकास की इस गति को और तेज करने के लिए अन्य राज्यों की अपेक्षित भागीदारी भी जरूरी है।
इस अवसर पर विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में काफी बदलाव आया है।





