हजारीबाग, 30 जुलाई — झारखंड के हजारीबाग जिले में बुधवार रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। यह मुठभेड़ बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास हुई।
जवाबी फायरिंग में शूटर घायल
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग का एक शूटर घायल हो गया, जिसे पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं उसके अन्य साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
रंगदारी और बड़ी वारदात की थी तैयारी
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के अपराधी कोल ट्रांसपोर्टिंग रूट पर रंगदारी वसूलने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
घात लगाकर की गई फायरिंग
जैसे ही पुलिस टीम चिन्हित जंगल क्षेत्र में पहुंची, पहले से घात लगाए अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी घायल होकर पकड़ा गया।

इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी
मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार अपराधियों को भी पकड़ लिया जाएगा और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।






