खूंटी, 30 जुलाई — झारखंड के खूंटी जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना प्रभारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस उप निरीक्षक सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई हुरलुंग निवासी श्याम कुमार की शिकायत के बाद की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि महिला थाना में दर्ज एक मामले में राहत दिलाने और सहयोग करने के नाम पर थाना प्रभारी ने 4 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पहली किस्त के रूप में 50 हजार पर बनी सहमति
शिकायत के अनुसार, बातचीत के बाद पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये देने पर सहमति बनी। इसके बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी ACB को दी।
सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर गुरुवार को पिपराटोली (खूंटी) के पास थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रांची ले गई ACB टीम
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम थाना प्रभारी को अपने साथ रांची ले गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले को लेकर आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






