स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी का ऐलान, जल्द आएगी नई यूथ पॉलिसी

Share

लखनऊ, 15 अगस्त । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विधान भवन के समक्ष आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण किया। इस दौरान विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना विकसित उत्तर प्रदेश के बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने युवाओं को लेकर जल्द नई यूथ पॉलिसी लाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री योगी ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद समेत उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की कल्पना उत्तर प्रदेश के योगदान के बिना नहीं की जा सकती। मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई, ऊदा देवी पासी, चंद्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह, तात्या टोपे और धन सिंह जैसे अनेक क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया।

‘उप्र अब देश का ग्रोथ इंजन’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश को आजादी मिली, लेकिन इसके साथ अशिक्षा, असमानता, असुरक्षा, गरीबी और पिछड़ेपन जैसी चुनौतियां भी सामने थीं। सरकार ने पिछले नौ वर्षों में इन समस्याओं को दूर करने की दिशा में कई कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब केवल बदल नहीं रहा, बल्कि देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है और महिला श्रमबल में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।

योगी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिनसे 65 लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। पिछले नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने 96 लाख एमएसएमई इकाइयों और 22 हजार उद्योगों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला बताया।

जल्द आएगी नई यूथ पॉलिसी

मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। नकल माफियाओं पर कार्रवाई, युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण, गांवों में ओपन जिम और जिलों में स्टेडियम जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जल्द नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी।

उन्होंने कहा कि नई नीति के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को और अधिक अवसर और मजबूती प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

शिक्षा और निवेश पर भी सरकार का जोर

योगी ने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से प्राथमिक विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार हुआ है। स्कूल ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर करीब तीन प्रतिशत रह गई है। शिक्षकों और शैक्षणिक कर्मचारियों के परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि कृषि से उद्योग और डिफेंस से लेकर युवा शक्ति तक उत्तर प्रदेश में नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा, जिसके लिए प्रदेश की 25 करोड़ आबादी को सामूहिक प्रयास करना होगा।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इसके बाद तिरंगे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। कार्यक्रम में विधान परिषद के सभापति कुंअर मानवेन्द्र सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031