21 नवंबर को कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का होगा लोकार्पण, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया बिहार के लिए ऐतिहासिक अवसर
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन और 21 नवंबर को कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल (नीतीश सेतु) के लोकार्पण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की तथा आयोजन को लेकर नीतीश कुमार से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आत्मीयता से स्वागत किया और आगामी कार्यक्रम को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने 21 नवंबर को होने वाले लोकार्पण समारोह के लिए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं भी दीं।
‘नीतीश सेतु’ बिहार के लिए ऐतिहासिक अवसर
मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का लोकार्पण बिहार के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। यह पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच विकास का नया सेतु बनेगा तथा क्षेत्र में विकास और संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा।
उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना से बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और राज्य के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पीएम मोदी के आगमन और समारोह को लेकर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन और पुल के लोकार्पण समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी नीतीश कुमार के साथ साझा की। इस दौरान आयोजन को लेकर उनके विचार और मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।






