उत्तराखंड के पौड़ी जिले में ली अंतिम सांस, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले में बीमारी के कारण अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
सीएम धामी ने जताया गहरा दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक संदेश जारी कर सावित्री देवी के निधन को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल निधि होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री धामी ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ सहित शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी दी श्रद्धांजलि
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मां का दुनिया से चले जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
उन्होंने शोक की इस घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
धर्मेंद्र प्रधान ने योगी आदित्यनाथ के प्रति जताई संवेदना
संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं योगी जी के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री तथा उनके परिवार को इस दुख से उबरने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूजनीय माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का प्रेम, आशीर्वाद और स्नेह जीवन की सबसे अनमोल निधि होता है। उनका जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
सम्राट चौधरी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
निजी दुख के बावजूद पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल रहे योगी
मां के निधन की खबर मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी। गोरखपुर में युवाओं के साथ प्रस्तावित कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी को जनसेवा और युवा कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के रूप में देखा गया। निजी दुख की इस घड़ी में भी उन्होंने पहले से तय सार्वजनिक कार्यक्रमों को जारी रखा।






