पूर्वी सिंहभूम। झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर सोमवार को एक बार फिर आवाज बुलंद हुई। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आंदोलनकारियों ने विशाल प्रदर्शन रैली निकाली।
यह रैली शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए जिला मुख्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में कई आंदोलनकारी पारंपरिक हथियारों के साथ शामिल हुए, जो उनके असंतोष को दर्शाता था।
मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिबू काली मैती ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2021 में संकल्प जारी कर चिन्हित आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र, प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और जिला प्रशासन की उदासीनता के कारण आंदोलनकारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई आंदोलनकारी सम्मान मिलने से पहले ही इस दुनिया से चले गए, जो अत्यंत दुखद है।
मोर्चा के अन्य नेताओं में शामिल विश्वजीत प्रमाणिक, दौल गोविंद नामता, नील माधव प्रधान, आनंत प्रधान, शतनु गोप, इंद्र रवि दास और जगविंदर सिंह ने भी प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि सरकार के निर्देशों के अनुसार सभी पात्र आंदोलनकारियों को शीघ्र सम्मानित किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





